स्मार्ट राशन कार्ड वितरण अभियान शुरू, 10 अगस्त तक नए कार्ड और सदस्यों के नाम जोड़ने के लिए पोर्टल खुला
दोराहा, 30 जुलाई ( प्रीति वर्मा )
पंजाब सरकार द्वारा जरूरतमंद परिवारों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से स्मार्ट राशन कार्ड वितरण अभियान की शुरुआत वार्ड नंबर 6 स्थित कार्य साधक अधिकारी (ईओ) रिहायश से की गई। इस अवसर पर हल्का विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने अभियान का शुभारंभ करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में लगभग 10 लाख नए राशन कार्ड बनाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने के लिए पोर्टल खोल दिया गया है।
विधायक ग्यासपुरा ने बताया कि जिन परिवारों को नया राशन कार्ड बनवाना है या अपने राशन कार्ड में किसी सदस्य का नाम जुड़वाना है, वे 10 अगस्त से पहले अपने नजदीकी सुविधा केंद्र में आवश्यक दस्तावेज जमा कर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के लिए किसी राजनीतिक सिफारिश या जनप्रतिनिधि के पास जाने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि नए स्मार्ट राशन कार्ड में क्यूआर कोड की सुविधा दी गई है। पहले डिपो होल्डर को 16 अंकों का नंबर मैन्युअली दर्ज करना पड़ता था, जिससे एक राशन पर्ची जारी करने में 10 से 15 मिनट का समय लग जाता था। अब क्यूआर कोड स्कैन करते ही लाभार्थी की पूरी जानकारी स्वतः सिस्टम में उपलब्ध हो जाएगी और कुछ ही सेकंड में राशन जारी किया जा सकेगा। इससे डिपो पर लगने वाली लंबी कतारों और लोगों के इंतजार में भी काफी कमी आएगी।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को स्मार्ट राशन कार्ड वितरित कर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विधायक ने आयोजन की सफल व्यवस्थाओं के लिए पूर्व प्रधान व पार्षद सेदर्शन शर्मा पप्पू और उनकी टीम का विशेष धन्यवाद किया विधायक ग्यासपुरा ने लोगों से अपील की कि जिनके नए राशन कार्ड बनने हैं या परिवार के सदस्यों के नाम जोड़े जाने हैं, वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें। उन्होंने कहा कि पोर्टल बंद होने के बाद आवेदन प्रक्रिया में कठिनाई आ सकती है, इसलिए समय रहते अपना कार्य पूरा करवा लें। उन्होंने यह भी बताया कि आज हलके के 27 गांवों में स्मार्ट राशन कार्ड वितरित किए गए हैं तथा प्रतिदिन लगभग 7,000 कार्ड वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। पूरे विधानसभा क्षेत्र में लगभग 40 से 45 हजार स्मार्ट राशन कार्ड एक सप्ताह के भीतर वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।