बंदी सिंहों की रिहाई नहीं हुई तो संघर्ष और तेज करेंगे : संदीप सिंह रुपालों
दोराहा लुधियाना 21 अगस्त ( प्रीति वर्मा )
कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से बंदी सिंहों की रिहाई के लिए लगातार संघर्ष किया जा रहा है। इसी कड़ी के तहत दिए गए पंजाब बंद के आह्वान को सफल बनाने के लिए अकाली दल वारिस पंजाब दे की ओर से पूर्ण समर्थन दिया गया। इस अवसर पर विधानसभा हलका पायल के इंचार्ज संदीप सिंह रुपालों के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोराहा शहर में झंडियां लेकर पैदल मार्च निकाला।
संदीप सिंह रुपालों ने दोराहा शहर के सभी दुकानदारों और निवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने पंजाब बंद के आह्वान को पूर्ण समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि आज हर वर्ग बंदी सिंहों की रिहाई के समर्थन में सड़कों पर उतरा है और सरकार को लोगों की भावनाओं को गंभीरता से समझना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार बंदी सिंहों के हक में केंद्र सरकार को पत्र लिखकर केवल दिखावा कर रही है। रुपालों ने कहा कि यदि सरकार ने बंदी सिंहों की रिहाई को लेकर लोगों की भावनाओं की कद्र नहीं की तो आने वाले समय में संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अकाली दल वारिस पंजाब दे हमेशा बंदी सिंहों के हक में खड़ा रहा है। यदि सरकार की ओर से इस मामले में तुरंत कार्रवाई नहीं की गई तो 2027 में सरकार बनने पर बंदी सिंहों की रिहाई को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर गगनदीप सिंह पायल, कुलजिंदर सिंह लाहिल, प्रितपाल सिंह घुड़ाणी, रामपाल सिंह दौलतपुर, जोगा सिंह पायल, हरबंत सिंह गिल, दीदार सिंह राणो, प्रभजोत सिंह सोढ़ी, जोरा सिंह दोराहा, दर्शन सिंह पायल, गुरजोत कौर मांगट, हरजीत सिंह दोराहा, गुरबचन सिंह दोराहा, मंगल सिंह भट्ठल, गुरप्रीत सिंह बोवाणी, अमन रामपुर और मोहन सिंह दोराहा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।