दोराहा में जम्मू-कश्मीर जा रही बस पर पथराव करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दोराहा में जम्मू-कश्मीर जा रही बस पर पथराव करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता से पुलिस ने की पहचान; दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी

दोराहा, 23 अक्टूबर ()। पंजाब पुलिस को शरारती तत्वों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत बड़ी सफलता मिली है। दोराहा बस स्टैंड के पास दिल्ली से जम्मू-कश्मीर जा रही यात्रियों से भरी बस पर पथराव कर शीशे तोड़ने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो अन्य साथियों को भी इस मामले में नामजद किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे स्टार वर्ल्ड कंपनी की बस नंबर JK-01BE-9976 पर दोराहा बस स्टैंड के नजदीक कुछ शरारती तत्वों ने पथराव किया था। इस घटना में बस के साइड वाले शीशे क्षतिग्रस्त हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान इस वारदात में तीन व्यक्तियों के शामिल होने की बात सामने आई। इनमें से अभिषेक उर्फ गोलू पुत्र संतोष पांडे, निवासी गांव ताड़ी घाट, जिला बनारस (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी पेट्रोल पंप वाली गली, दोराहा को 22 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी, जो लुधियाना के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों को इस मामले में नामजद किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

पुलिस का दावा है कि आरोपी दोराहा और आसपास के इलाकों में पथराव तथा चेन स्नैचिंग की वारदातों में भी शामिल रहे हैं। आरोप है कि वे रात के समय सुनसान स्थानों पर राहगीरों को निशाना बनाते थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना दोराहा में वर्ष 2025 के दौरान भी एक मामला दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी का पुलिस रिमांड हासिल कर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान अन्य वारदातों के संबंध में भी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।

यह कार्रवाई पंजाब सरकार और डीजीपी पंजाब के दिशा-निर्देशों के तहत एसएसपी खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया की अगुवाई तथा एसपी (डी) राकेश यादव के दिशा-निर्देशों के अनुसार की गई।

खन्ना पुलिस द्वारा मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

Bnn 24 News
Author: Bnn 24 News

Leave a Comment

और पढ़ें