दोराहा लुधियाना 6 जूनदोराहा थाना अधीन आते गांव चणकोइयां खुर्द में करोड़ों रुपए के जमीनी विवाद का मामला गरमा गया है। इस विवाद में दो पक्षों में फायरिंग की घटना के बाद अब आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। आप नेता अमरदीप सिंह ने दोराहा में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में अकाली दल का भू-माफिया काम कर रहा है। एक बड़े नेता के गुर्गे जमीनों पर कब्जे कर रहे हैं। चणकोइयां खुर्द केस में पुलिस इनका पूरा साथ दे रही है। जमीन के असली मालिक कब्जा करने से वंचित हैं। अमरदीप सिंह ने कहा कि भगवंत सिंह व जयकरण शर्मा ने चणकोइयां खुर्द में मार्च 2025 में जमीन खरीदी। जमीन के मालिक ने फसल समेत सौदा किया। जब कब्जा लेने का समय आया तो अकाली नेताओं ने फायरिंग कर दी। हालांकि, किसी भी अदालत द्वारा जमीन के असली मालिकों को कब्जा न लेने संबंधी कोई स्टे या अन्य आर्डर नहीं है। वे बार बार पुलिस प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं कि उन्हें कब्जा दिलाया जाए। पुलिस अधिकारी शायद किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहे हैं। आप नेता ने यहां तक सवाल कर दिए कि क्या पायल हलके में हक की कमाई से प्रॉपर्टी खरीदना गुनाह है। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में सीएम समेत उच्च पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। उधर, पायल के डीएसपी हेमंत मल्होत्रा ने कहा कि यह मामला अदालत में विचाराधीन है। अगर किसी ने कब्जा लेना है वे कोर्ट में जाकर ले सकता है। पुलिस मामले की नजाकत को समझते हुए लॉ एंड आर्डर मेंटेन रख रही है। किसी से कोई पक्षपात नहीं किया जा रहा। गौरतलब है कि यहां करीब 12 एकड़ जमीन को लेकर विवाद है। गेहूं की कटाई को लेकर यहं दो पक्षों में फायरिंग हो गई थी। जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रास केस दर्ज किया था।