दोराहा के ढाबे पर विवाद: खुद को IPS अधिकारी बताकर रौब झाड़ने के आरोप में मामला दर्ज
दोराहा, 25 अक्टूबर

दोराहा स्थित 3J ढाबे पर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति ने कथित तौर पर IPS अधिकारी बनकर वर्दी की आड़ में ग्राहकों के साथ बदसलूकी की, ढाबे के कर्मचारी से मारपीट की और धमकियां दीं।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार,दिल्ली के लक्ष्मी नगर निवासी अमित अधिकारी पुत्र महेंद्र अधिकारी ने बताया कि 23 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:40 बजे उनके ढाबे पर विवाद हुआ था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अमरजीत सिंह नामक व्यक्ति IPS अधिकारी की वर्दी पहनकर ढाबे पर पहुंचा था। उसकी वर्दी पर IPS लिखा हुआ था तथा एक स्टार और शेर का निशान बना हुआ था।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उक्त व्यक्ति ने कथित तौर पर वर्दी का रौब दिखाते हुए ग्राहकों के साथ दुर्व्यवहार किया और ढाबे के कर्मचारी अमित अधिकारी के साथ मारपीट की। इसके अलावा, गाली-गलौज करने, धमकियां देने और ढाबा बंद करवाने का प्रयास करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायत में अमरजीत सिंह को जीआरपी में तैनात कर्मचारी बताते हुए उसका संबंध गांव चोमो से बताया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शिकायत की जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 204, 205 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और संबंधित साक्ष्यों के आधार पर होगी।