दोराहा पुलिस ने बेटे के हत्यारे पिता को रिवाल्वर व 40 जिंदा गोलियों सहित किया गिरफ्तार, 3 दिन का पुलिस रिमांड 
दोराहा 6 जून
सीनियर पुलिस अधीक्षक खन्ना मैडम ज्योति यादव बैंस के दिशा-निर्देशों के अनुसार पुलिस द्वारा बुरे तत्वों के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत दोराहा पुलिस को सफलता हासिल हुई इस संबंध में दोराहा थाने में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान डीएसपी पायल हेमंत कुमार मल्होत्रा ने एसएचओ आकाश दत्त की मौजूदगी में बताया कि दोराहा थाने के मुख्य अधिकारी को 3 जून को हेल्पलाइन 112 पर शिकायत मिली थी कि बलविंदर कौर नाम की महिला और उसका बेटा जगमीत सिंह पुत्र बलजिंदर सिंह निवासी बुयानी थाना दोराहा गोली लगने से घायल हो गए हैं। मौके पर थाने के मुख्य अधिकारी सहित पुलिस पार्टी के साथ पहुंचे। मौका पर जांच की तो पता चला कि बलजिंदर सिंह पुत्र मलकीत सिंह निवासी बुयानी जोकि भूतपूर्व सैनिक है। जो शराब पीकर अपनी पत्नी बलविंदर कौर और बेटे के साथ गाली-गलौज करने लगा और मारपीट पर उतारू हो गया। शराब के नशे में तैश में आकर बलजिंदर सिंह ने अपने बेटे जगमीत सिंह और पत्नी बलविंदर कौर को गोली मार दी और अपने हथियारों सहित मौके से फरार हो गया। लड़के जगमीत सिंह की मौत हो गई है। बलविंदर कौर को फोर्टिस अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। उसका इलाज चल रहा है। पीड़िता बलविंदर कौर के भाई तकविंदर सिंह पुत्र उजागर सिंह निवासी गांव जस्सरा थाना डेहलों के बयानों के आधार पर हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। श्री मल्होत्रा ने बताया कि आरोपी बलजिंदर सिंह को पायल से गिरफ्तार कर लिया गया है और आज बलजिंदर सिंह को माननीय अदालत पायल में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान आरोपी से एक पिस्तौल 32 बोर समेत 40 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।