मलौद के गांव जीरख में पत्नी का बेरहमी से मर्डर, पति को जुआ खेलने से रोकती थी, रस्सी से गला घोटा मामले को खुदकुशी बनाने की कोशिश घर, जेवरात, बाइक सब गिरवी
दोराहा लुधियाना 3 जून
मलौद के गांव जीरख में एक महिला को उसके पति ने बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। मर्डर की वजह पति की जुए की लत रही। पत्नी पति को जुआ खेलने से रोकती थी। इसी वजह से पति ने रस्सी से उसका गला घोंटकर मार दिया। मृतका की पहचान परमजीत कौर (38) निवासी जीरख के तौर पर हुई। मृतका के भाई कुलदीप सिंह ने बताया कि करीब 10 साल पहले उनकी बहन की शादी लखवीर सिंह निवासी जीरख से हुई थी। शादी के बाद बहन ने दो बेटियों को जन्म दिया। एक 6 साल की है और छोटी डेढ़ साल की। लखवीर सिंह जुआ खेलने का आदी था। रोजाना जुए में पैसे हारता था। कई बार उसकी बहन ने उनसे पैसे लेकर पति को दिए। क्योंकि लखवीर उसे मारता रहता था। अब तक लखवीर सिंह जुए में लाखों रुपए हारने के साथ साथ अपना घर, बहन के जेवरात, बाइक तक गिरवी रख चुका है। परमजीत कौर अपने पति को जुआ खेलने से रोकती थी। 2 जून को परमजीत कौर से जुआ खेलने के लिए पैसे मांगे गए। इसके बाद लखवीर सिंह ने रस्सी से गला घोंट दिया। ओर मामले को आत्महत्या दिखने की कोशिश करी वहीं पड़ोस में रहते लोगों ने खन्ना के गांव भट्ठियां में परमजीत के मायके घर सूचना दी। मायके वाले जीरख गांव पहुंचे तो देखा कि परमजीत कौर को चारपाई पर लेटाकर चादर ओढ़ी हुई थी। गर्दन पर रस्सी के निशान थे। तभी पुलिस को सूचित किया। पायल के डीएसपी हेमंत मल्होत्रा ने बताया कि पुलिस ने मृतका के भाई कुलदीप सिंह की शिकायत पर आरोपी लखवीर सिंह खिलाफ मर्डर केस दर्ज कर लिया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया वहीं खन्ना सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों हवाले किया गया।